बाल झड़ने से त्वचा रोग तक: एमडीयू में विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को बताए बचाव के उपाय
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए त्वचा एवं बालों की देखभाल पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया गया। पीजीआईएमएस, रोहतक के त्वचा रोग विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. शीनम हुड्डा ने विद्यार्थियों से संवाद कर त्वचा व बालों की देखभाल के व्यावहारिक तरीके बताए।
डॉ. शीनम ने आम त्वचा रोगों, उनके बचाव और दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को त्वचा संबंधी समस्याओं में स्वयं उपचार करने के बजाय विशेषज्ञ की सलाह लेने तथा प्रमाण-आधारित स्वास्थ्य जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी।
सत्र में विद्यार्थियों ने त्वचा और बालों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने समाधान किया। उन्होंने नियमित देखभाल और समय पर उचित सलाह लेने को जरूरी बताया। इस दौरान विभागाध्यक्ष प्रो. गुलाब सिंह, प्रो. नीलम हुड्डा और डॉ. कविता मौजूद रहे।

Girish Saini 

