पेयजल से खेल तक, बहु जमालपुर के ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताई दिक्कतें

विशेष ग्राम सभा में डीसी सतबीर सिंह ने सुनी शिकायतें, समाधान के लिए कार्रवाई का दिया आश्वासन

पेयजल से खेल तक, बहु जमालपुर के ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताई दिक्कतें

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने शुक्रवार को विशेष ग्राम सभा के तहत बहु जमालपुर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने ग्रामीणों से खेती-बाड़ी, पशुपालन, पेयजल, खेल सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखी। डीसी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने गांव में मिसमैच की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया।

डीसी सतबीर सिंह ने गांव की बेटियों में हॉकी के प्रति बढ़ते रुझान पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने गांव द्वारा मुख्यमंत्री जागृति पुरस्कार प्राप्त करने पर ग्रामीणों को बधाई दी। साथ ही पशुओं में होने वाली बीमारियों और वैक्सीनेशन की स्थिति की भी जानकारी ली।

उपायुक्त ने गांव के आपसी भाईचारे, स्वच्छता और सार्वजनिक धरोहरों के बेहतर रखरखाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी है। ग्रामीण गांव को स्वच्छ-सुंदर बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस दौरान डीडीपीओ राजपाल चहल, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।