रात में बार-बार पेशाब? सिर्फ उम्र का असर मानकर न करें नजरअंदाज
रोहतक, गिरीश सैनी। रात में एक-दो बार पेशाब के लिए उठना उम्र बढ़ने के साथ सामान्य हो सकता है, लेकिन यदि किसी पुरुष को तीन-चार या इससे अधिक बार उठना पड़े तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह बढ़े हुए प्रोस्टेट यानी बेनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (बीपीएच) का संकेत हो सकता है।
यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमित गोयल ने बताया कि रात में बार-बार पेशाब आना, पेशाब की धार कमजोर होना या मूत्राशय पूरी तरह खाली न होने का एहसास होने पर चिकित्सकीय जांच जरूरी है।
उन्होंने बताया कि उम्र के साथ प्रोस्टेट का आकार बढ़ सकता है, जिससे पेशाब की नली पर दबाव पड़ता है। हालांकि, यह आमतौर पर कैंसर नहीं होता। बार-बार पेशाब की अन्य वजहों में मधुमेह, अधिक पानी पीना, कुछ दवाएं, नींद संबंधी समस्याएं तथा हृदय-किडनी की बीमारी भी शामिल हैं। बीपीएच का उपचार दवाओं के अलावा लेजर, वॉटर वेपर थेरेपी और यूरोलिफ्ट जैसी प्रक्रियाओं से संभव है।

Girish Saini

