गांव-गांव पहुंचेगी मुफ्त कानूनी मदद, रोहतक में डीआईएसएचए वैन रवाना

गांव-गांव पहुंचेगी मुफ्त कानूनी मदद, रोहतक में डीआईएसएचए वैन रवाना

रोहतक, गिरीश सैनी। नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, टेली-लॉ कार्यक्रम और नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी देने के लिए रोहतक में डीआईएसएचए मोबाइल जागरूकता अभियान शुरू किया गया। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, सहायक जिला सूचना अधिकारी सपना और सीएससी जिला प्रबंधक भूपेंदर श्योराण ने जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से डीआईएसएचए (डिजाइनिंग इनोवेटिव सॉल्यूशंस फॉर होलिस्टिक एक्सेस टू जस्टिस) योजना के तहत हरियाणा में 22 दिवसीय जिला-स्तरीय मोबाइल जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रोहतक इस अभियान का प्रदेश का 16वां जिला है।

जागरूकता वैन अगले दो दिनों तक जिले के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को टेली-लॉ सेवाओं, नि:शुल्क कानूनी सहायता, कानूनी अधिकारों और डिजिटल न्याय सेवाओं की जानकारी देगी। इसके बाद अभियान प्रदेश के अन्य जिलों में जारी रहेगा।

सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन को न्याय व्यवस्था और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नागरिकों से सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया।

सहायक जिला सूचना अधिकारी सपना ने बताया कि वैन के माध्यम से सरल भाषा में कानूनी प्रावधानों और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। टेली-लॉ राज्य समन्वयक मुजफ्फर हुसैन ने बताया कि वैन में एलईडी डिस्प्ले, जन उद्घोषणा प्रणाली, ऑडियो-वीडियो सामग्री और आईईसी सामग्री उपलब्ध है। इस दौरान सीएससी वीएलई साहिल कुमार, अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।