गांव सांघी में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

गांव सांघी में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा गांव सांघी में एक बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

पीजीआईएमएस, रोहतक के मेडिकल एवं डेंटल कैंप के नोडल अधिकारी एवं जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजुनाथ ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य गांव में दंत व त्वचा रोगों और सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का समय पर निदान और उपचार उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में डॉ. कल्पना के नेतृत्व में दंत चिकित्सा टीम ने लोगों की जांच की। इस दौरान मुख कैंसर और प्री-कैंसरस घावों की स्क्रीनिंग भी की गई। शिविर में स्केलिंग और फिलिंग सहित कुल 13 दंत उपचार किए गए। ग्रामीणों को मुख स्वच्छता के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। सामान्य चिकित्सा में उच्च रक्तचाप, बुखार, गठिया और अस्थमा के मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी दी गई। त्वचा रोग विशेषज्ञों ने एलर्जी और अन्य चर्म रोगों की जांच की।