पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने निजी कोष से दान की पहरावर की जमीन की पट्टा राशि

पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने निजी कोष से दान की पहरावर की जमीन की पट्टा राशि

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक नगर निगम के गांव पहरावर की जमीन जो पिछले दिनों गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान को पट्टे पर दी गई थी उसकी पट्टा राशि जो प्रत्येक वर्ष दो लाख है और उसमे प्रत्येक वर्ष दस प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इसके लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान को पचास लाख की राशि अपने निजी कोष से दी है जिसकी एफडी करवा, ब्याज से पट्टा राशि भरी जाएगी। यह जानकारी गौड़ शिक्षण संस्थान के पदेन सचिव डॉ जयपाल शर्मा ने दी।
उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा एवं राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पट्टा राशि को भरना एक चिंतन का विषय था लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने निजी कोष से दान देकर इसका स्थायी समाधान कर दिया है। उन्होंने कहा कि दी हुई धन राशि पचास लाख रुपए की एफडी करवाकर उसके ब्याज से लगातार पट्टा राशि दी जाएगी। 
डा जयपाल शर्मा ने बताया कि 11 दिसंबर 2022 को करनाल में सांसद कार्तिकेय शर्मा के योगदान से भगवान परशुराम महाकुंभ का आयोजन किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव पहरावर की जमीन गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान को पट्टे पर देने की घोषणा की थी और वह जमीन संस्था को मिल चुकी है। जमीन के कागजात 16 मई 2023 को मुख्यमंत्री निवास पर संस्था के पदेन सचिव को सौप दिए गए थे। सांसद कार्तिकेय शर्मा ने जमीन मिलने पर वादा किया था कि वो पट्टे की पूरी धन राशि गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान को देकर आर्थिक मदद करेंगे और उन्होंने अपना वादा पूरा कर दिया है।
एक सवाल के जवाब में डॉ जयपाल शर्मा ने कहा कि संस्था के आजीवन सदस्यों की सूची का मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। यह मुद्दा हल होते ही संस्था जल्द ही चुनाव करवाएगी।
इस मौके पर गौड़ ब्राह्मण शिक्षण महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ महाश्वेता, गौड़ ब्राह्मण संस्कृत महाविद्यालय की प्राचार्य परमेश्वरी, गौड़ ब्राह्मण स्कूल प्राचार्य अनीता गौड़, हरियाणा ब्राह्मण कल्याण सभा के प्रधान दयानंद कौशिक सहित अन्य मौजूद रहे।