25 साल बाद फिर क्लासरूम पहुंचे एमडीयू विधि विभाग के पूर्व छात्र
2001 बैच के 85 से अधिक पूर्व छात्रों ने मनाई रजत जयंती, सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के विधि विभाग के 2001 बैच के पूर्व छात्रों ने अपनी रजत जयंती उत्साह और उमंग के साथ मनाई। इस दौरान 85 से अधिक पूर्व छात्र 25 साल पुरानी यादें ताजा करने और अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता जताने के लिए विभाग पहुंचे।
समारोह में प्रो. केपीएस महलवार, प्रो. बीपी सिंह, प्रो. विमल जोशी, प्रो. प्रीत सिंह, प्रो. एसएस शिलवंत, प्रो. एएस वर्मा, प्रो. सुमन लता और प्रो. अंजु खन्ना सहित कई सेवानिवृत्त शिक्षक शामिल हुए। पूर्व छात्रों ने शिक्षकों को शॉल और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का खास आकर्षण रहा प्रो. प्रीत सिंह का कक्षा व्याख्यान, जिसमें 25 साल बाद पूर्व छात्रों ने फिर विद्यार्थी बनकर हिस्सा लिया।
पूर्व छात्रों ने विभाग को कॉफी मशीन, वाटर डिस्पेंसर और लैंप-लाइटिंग स्टैंड भेंट किए। विभागाध्यक्षा प्रो. सोनू देहमीवाल ने पूर्व छात्रों से वर्तमान विद्यार्थियों को मेंटरशिप, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट में सहयोग देने का आह्वान किया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं और परिसर में पौधारोपण किया गया। समारोह का समापन पुरानी यादों, सौहार्द और मातृ संस्था से जुड़ाव के संकल्प के साथ हुआ।

Girish Saini

