पूर्व राज्यसभा सांसद ने किया पानी के टैंकर व मंदिर की चारदीवारी के निर्माण का शुभारंभ
महम, गिरीश सैनी। महम क्षेत्र के गांव भराण में पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने सांसद निधि से स्वीकृत दो कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्राम पंचायत को एक पानी का टैंकर समर्पित किया तथा गोगा पीर मंदिर की चारदीवारी निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
इस दौरान पूर्व सांसद जांगड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी के टैंकर की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। यह टैंकर ग्राम पंचायत के माध्यम से जनसेवा में समर्पित रहेगा। इसके बाद उन्होंने गोगा पीर मंदिर परिसर में लगभग 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चारदीवारी के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि ये दोनों विकास कार्य उनकी सांसद निधि से स्वीकृत किए गए हैं। इस दौरान महंत सतीश दास, सरपंच दलवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य जन, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Girish Saini 


