एसजेके एजुकेशन सोसायटी, कलानौर के निर्विरोध प्रधान बने पूर्व सांसद शादीलाल बतरा

एसजेके एजुकेशन सोसायटी, कलानौर के निर्विरोध प्रधान बने पूर्व सांसद शादीलाल बतरा

कलानौर, गिरीश सैनी। सत जीन्दा कल्याणा एजुकेशन सोसायटी, कलानौर की कार्यकारिणी की त्रैवार्षिक चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सोसायटी की आम सभा की बैठक महंत खुशहाल दास की अध्यक्षता में सत जीन्दा कल्याणा आश्रम, कलानौर में हुआ। बैठक में सोसायटी के सभी आजीवन सदस्य, एस.जे.के. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार दुआ, एस.जे.के. कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. कंचन, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

निर्वाचन अधिकारी प्रीतम भयाना ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान एमडीयू द्वारा नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक प्रो. सज्जन तथा उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक डॉ. परम भूषण भी मौजूद रहे।

निर्वाचन प्रक्रिया के उपरांत सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। पूर्व राज्यसभा सांसद शादी लाल बतरा को प्रधान, डॉ. रश्मि बजाज को उप-प्रधान, महेन्द्र कुमार खुराना को महासचिव तथा हेमंत बत्रा को कोषाध्यक्ष चुना गया। गवर्निंग बॉडी के 11 सदस्य भी सर्वसम्मति से चुने गए। शिक्षण स्टाफ के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. विकास कुमार व डॉ. दीपा जुनेजा तथा गैर-शिक्षण स्टाफ के प्रतिनिधि के रूप में संजय कुमार को चुना गया।

इसके अलावा, एस.जे.के. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कलानौर की गवर्निंग बॉडी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया। डॉ. अपर्णा बत्रा अध्यक्ष, नरेश कुमार उपाध्यक्ष, गौरव सचिव तथा हेमंत बत्रा कोषाध्यक्ष चुने गए। महंत खुशहाल दास महाराज ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा संस्था व कॉलेजों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

सोसायटी के प्रधान शादी लाल बतरा ने कहा कि उन्हें पिछले लगभग 55 वर्षों से कॉलेज गवर्निंग बॉडी की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो उनके लिए गर्व एवं सौभाग्य की बात है। उन्होंने संस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विश्वास जताया कि नई गवर्निंग बॉडी के सामूहिक प्रयासों से एस.जे.के. कॉलेज एवं एस.जे.के. कॉलेज ऑफ एजुकेशन शिक्षा, खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ प्राप्त करेंगे।