पूर्व मंत्री ग्रोवर व सिविल सर्जन ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर एवं सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिला में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,19,315 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिला में 477 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां अभियान के प्रथम दिन 28 जून को बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। जिला के सभी स्वास्थ्य खंडों में भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया है।
सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन अर्थात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच सके। विशेष रूप से ईंट-भट्टों, झुग्गी-झोपडिय़ों, निर्माण स्थलों, प्रवासी मजदूरों की बस्तियों तथा अन्य छूटे हुए क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रतिभा ने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक बूथ एवं फील्ड टीम को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन, वैक्सीन कैरियर, मार्कर, रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
Girish Saini 


