हरियाणा में धान खरीद को लेकर पूर्व सीएम हुड्डा ने सरकार को घेरा, एमएसपी बढ़ोतरी को नाकाफी बताया

हरियाणा में धान खरीद को लेकर पूर्व सीएम हुड्डा ने सरकार को घेरा, एमएसपी बढ़ोतरी को नाकाफी बताया

रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। हरियाणा की मंडियों में धान की खरीद को लेकर किसानों की परेशानी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने रबी फसलों के एमएसपी में हुई बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए कहा कि यह ऊंट के मुंह में जीरा है।

पूर्व सीएम हुड्डा ने आरोप लगाया कि धान की सरकारी खरीद में देरी के कारण किसान एमएसपी से करीब 400 रुपये प्रति क्विंटल तक कम दाम पर फसल बेचने को मजबूर हैं।

हुड्डा ने कहा कि सरकार ने रबी फसलों के एमएसपी में बमुश्किल 25 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल, गैस, खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि उपकरण और मजदूरी महंगी होने से किसानों पर बोझ बढ़ा है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में फसलों के दाम में औसतन 14 फीसदी सालाना बढ़ोतरी हुई, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह करीब 5 फीसदी रह गई।

हुड्डा ने मंडियों में व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को फसल रखने की जगह, तौल के कांटे, उठान और रखरखाव जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। खरीद पर लगाई गई सीमा से भी किसानों को इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने भाजपा पर चुनावी वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल भाव देने का वादा किया गया था। हुड्डा ने सरकार से तत्काल सरकारी खरीद शुरू कर किसानों को घोषित एमएसपी और 3100 रुपये के वादे का लाभ देने की मांग की।