गैस की किल्लत पर पूर्व सीएम हुड्डा ने उठाए सवाल, पूछा - अगर गैस की कोई कमी नहीं तो क्यों लगी है लोगों की लाइन?

किसानों को बेमौसमी बारिश से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।

गैस की किल्लत पर पूर्व सीएम हुड्डा ने उठाए सवाल, पूछा - अगर गैस की कोई कमी नहीं तो क्यों लगी है लोगों की लाइन?

रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने देशभर में गैस की किल्लत पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि अगर सरकार कोई किल्लत न होने की बात कह रही तो फिर जगह-जगह लोगों की लाइनें क्यों लगी हैं?

पूर्व सीएम हुड्डा ने पूरे देश की तरह हरियाणा में रसोई गैस की कमी के लिए बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है, क्योंकि सरकार की तरफ से स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। कई जगह कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह रोक दी गई है, जिसके कारण होटल, रेस्तरां, ढाबे, कैटरिंग और अन्य छोटे-बड़े व्यवसाय ठप्प पड़ गए या बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई जगह सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी में देरी हो रही है, जिसके चलते कालाबाजारी भी चालू हो गई है। ऐसे में सरकार को जनता के सामने एलपीजी की सही स्थिति रखनी चाहिए।

अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि दो दिन से रुक-रुककर हो रही बेमौसमी बारिश से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार को तुरंत गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए।

राज्यसभा चुनाव पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक सीट जीतने के लिए न्यूनतम 31 मतों की आवश्यकता थी और कांग्रेस के पक्ष में विधायकों ने 32 वोट डाले। लेकिन निर्वाचन अधिकारी ने बीजेपी के साथ मिलकर साजिश की और हमारे 4 वोट रद्द कर दिए। इसके विरुद्ध कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है और चुनाव आयोग को भी शिकायत की है। साथ ही कांग्रेस के जिन 5 लोगों ने क्रॉस वोटिंग की है, उन पर हाईकमान की तरफ से एक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।