पंचकूला नगर निगम एफडी घोटाले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की पूर्व सीएम हुड्डा ने
बीजेपी सरकार को घोटालों की फैक्ट्री बताया।
रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। भाजपा सरकार में विकास का बेशक एक भी काम न होता हो, लेकिन रोज नए-नए घोटाले जरूर होते हैं। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। पंचकूला नगर निगम में सामने आए 160 करोड़ रुपये के एफडी घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि यहां फर्जी एफडी कागजात जमा कर जनता के करोड़ों रुपये चट कर दिए गए। इतना बड़ा घोटाला सरकारी मिलीभगत के बिना संभव ही नहीं है, इसलिए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
पूर्व सीएम हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में इससे पहले भी अनगिनत घोटाले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 590 करोड़ के आईडीएफसी घोटाले के बाद अब पंचकूला नगर निगम में भी ऐसा ही घोटाला सामने आया है। मंडियों में आलू खरीद भावांतर के नाम पर भी घोटाला जारी है। इसके अलावा नदिया- जंगल-पहाड़ भी नही छोड़े गए। सरकारी संरक्षण में माफिया द्वारा मोरनी डिवीज़न व यमुनानगर डिवीज़न में पिछले तीन-चार महीने में सैकड़ो करोड़ के ख़ैर के कीमती पेड़ चोरी किए जा चुके हैं। उन्होंने जोरदार मांग की कि इन सभी घोटालों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि जनता के पैसे की लूट रुक सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Girish Saini 

