दवा के साइड इफेक्ट पर चुप्पी नहीं, तुरंत करें रिपोर्टः डॉ. ज्योति
रोहतक, गिरीश सैनी। दवा लेने के बाद बीमारी से अलग कोई नया लक्षण नजर आए तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सक को इसकी जानकारी दें। एडवर्स ड्रग रिएक्शन की सूचना टोल फ्री नंबर 1800 180 3024 पर भी दी जा सकती है। इससे दवाओं के प्रतिकूल प्रभावों की पहचान कर अन्य मरीजों को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। यह बात पीजीआईएमएस, रोहतक की फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्षा डॉ. ज्योति कौशल ने मंगलवार को फार्माकोविजिलेंस सप्ताह के समापन समारोह में कही।
बतौर मुख्य अतिथि, निदेशक-सह-डीन डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि दवाओं के दुष्प्रभावों की रिपोर्टिंग करना चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. ज्योति शर्मा ने बताया कि यह छठा फार्माकोविजिलेंस सप्ताह था। आयोजन के दौरान करीब 100 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
डॉ. ज्योति ने बताया कि फार्माकोविजिलेंस सप्ताह के तहत इंटरैक्टिव व्याख्यान, ई-पोस्टर, निबंध और इंस्टा रील प्रतियोगिताएं कराई गई। इन गतिविधियों के जरिए नर्सिंग, फार्मेसी समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के स्नातक व स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को दवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल और प्रतिकूल प्रभावों की रिपोर्टिंग के प्रति जागरूक किया गया। समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

Girish Saini

