भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है और जनसेवा मुख्य उद्देश्यः सुभाष बराला

आम आदमी पार्टी के नेताओं का पटका पहनाकर भाजपा में स्वागत किया।

भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है और जनसेवा मुख्य उद्देश्यः सुभाष बराला

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव से ऐन पहले भाजपा में विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल होने के सिलसिला शुरू है।  इसी कड़ी में शुक्रवार को भाजपा के मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव के नेतृत्व में और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ पंकज बेनीवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सचिन गौड़, स्टेट ऑब्जर्वर डा. मनीष पांडे, ग्रीवेंस कमेटी के चेयरमैन एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजित जेलदार, जिला इवेंट मैनेजर महिपाल यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष, गुरुग्राम सतीश सिसोदिया, गुरुग्राम से ही सह सचिव डा. विकास शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा में आस्था जताई। 

सांसद सुभाष बराला ने रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय में सभी को भाजपा का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल हुए सभी साथियों को पूरा मान-सम्मान मिलेगा। वहीं भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी हित में काम करेंगे। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता और मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव सहित अन्य मौजूद रहे।

सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है और जनसेवा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ देश को तरक्की की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के पास अगले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्लानिंग है।

बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में दस की दस लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा में कार्यकर्ता ही अपनी मेहनत के दम पर शीर्ष पदों पर विराजमान होते हैं। जबकि दूसरे दलों में यह परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में पर्ची और खर्ची को खत्म कर नई मिसाल कायम की है। जिससे आज गरीबों के काबिल बच्चों को नौकरियां मिल रही है।