विश्व खाद्य दिवस पर बीएमयू में फ्लेमलेस कुकिंग प्रतियोगिता, प्राची ने बाजी मारी
कुलपति ने स्वस्थ खानपान अपनाने का दिया संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व खाद्य दिवस पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में गृह विज्ञान विभाग द्वारा फ्लेमलेस कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। आज नया करें, कल नया करें थीम के तहत विद्यार्थियों ने बिना आंच के पौष्टिक और रचनात्मक व्यंजन तैयार कर पाक-कौशल का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. बी.एम. यादव ने संतुलित आहार को अच्छे स्वास्थ्य की बुनियाद बताते हुए विद्यार्थियों से स्वस्थ खानपान की आदतें अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोकल खाएं, ग्लोबल सोचें का संदेश देते हुए स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने, भोजन की बर्बादी रोकने और खाद्य संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने पर जोर दिया।
गृह विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर एवं आयोजन सचिव डॉ. एकता ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में पोषण, खाद्य सुरक्षा और संसाधनों के सदुपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं। कुलसचिव डॉ. मनोज वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में प्राची ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय और प्राची सैनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। गृह विज्ञान विभाग के 15 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कुलपति ने विजेताओं को बधाई दी।

Girish Saini

