पीजीआईएमएस, रोहतक में जुटेंगे आईसीएमआर-डीएचआर के पांच वैज्ञानिक, शोध पर देंगे व्याख्यान

दो दिवसीय कार्यशाला में आठ राज्यों के 200 विशेषज्ञ व शोधकर्ता लेंगे भाग

पीजीआईएमएस, रोहतक में जुटेंगे आईसीएमआर-डीएचआर के पांच वैज्ञानिक, शोध पर देंगे व्याख्यान

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पीजीआईएमएस में 23 व 24 अक्टूबर को अनुसंधान पद्धति कार्यशाला एवं रिसर्च डे-2026 आयोजित होगा। डेंटल ऑडिटोरियम, पीजीआईडीएस में होने वाले कार्यक्रम में आईसीएमआर और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर), नई दिल्ली के पांच वैज्ञानिक व्याख्यान देंगे।

डीन एकेडमिक अफेयर्स एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. एमजी वशिष्ठ ने बताया कि हरियाणा मेडिकल काउंसिल ने कार्यशाला के लिए आठ क्रेडिट घंटे निर्धारित किए हैं। इसमें आठ राज्यों के करीब 200 शिक्षक, रेजिडेंट डॉक्टर और शोधकर्ता भाग लेंगे।

कार्यशाला में शोध की रूपरेखा, सैंपल साइज, सांख्यिकीय विश्लेषण, क्लिनिकल ट्रायल और शोध अनुदान प्रस्तावों पर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। यूजी और पीजी विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता भी होगी।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि आयोजन से संस्थान में शोध संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

आयोजन सचिव एवं एमआरयू के नोडल अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि विशेषज्ञ वक्ताओं में एम्स, नई दिल्ली के डॉ. आर.एम. पांडेय, आईसीएमआर नई दिल्ली के डॉ. आशू ग्रोवर, डॉ. तनु आनंद व डॉ. गिरिधरन एस, डीएचआर नई दिल्ली की डॉ. दीपिका तथा अश्विनी रूरल मेडिकल कॉलेज सोलापुर के डॉ. सचिन मुम्बारे शामिल हैं।