नालों/सीवर में गोबर बहाने वालों के किए चालान
बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा कूड़े का निस्तारण जरूरीः निगमायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक नगर निगम के आयुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम काफी गंभीर है। सफाई शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सीवर/नालों में गोबर बहाने वाले डेयरी संचालको पर कार्यवाही की जाये। इसी कड़ी में निगम की सफाई शाखा की टीम द्वारा माल गोदाम रोड स्थित डेयरियों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ डेयरी संचालकों द्वारा नियमों की अवहेलना करते हुए गोबर को नालों व सीवर में बहाया जा रहा था, जिस पर कार्यवाही करते हुए निगम की टीम ने 8 डेयरी संचालको के 25000 रूपये के चालान किए। निगमायुक्त ने कहा कि नालों/सीवर में गोबर बहाने वालों पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी क्योंकि सीवर जाम, दुर्गंध और पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याए होने का साथ ही आमजन को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता हैं।
वहीं, बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा उत्पन्न कूड़े के निस्तारण बारे नगर निगम द्वारा योजना के तहत कार्य किया जा रहा है।
संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी की अध्यक्षता में 10 बल्क वेस्ट जनरेटर्स के साथ एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्पष्ट किया गया कि सभी बल्क वेस्ट जनरेटर्स 24 अप्रैल 2026 तक नगर निगम के साथ विधिवत एग्रीमेंट करें अथवा यदि उन्होंने अपने स्तर पर कचरा निस्तारण हेतु प्लांट स्थापित किया हुआ है, तो उसकी विस्तृत जानकारी निगम कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने नियमों की जानकारी देते हुए, नियमों की अवहेलना करने पर जुर्माने के प्रावधान बारे भी अवगत करवाया। उपस्थित बल्क वेस्ट जनरेटर्स ने विधिवत एग्रीमेंट करने के लिए अपनी सहमति जाहिर करते हुए इस कार्य के लिए दो दिन का समय मांगा।

Girish Saini 

