डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रयोग से वित्तीय प्रबंधन होगा पारदर्शीः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

ग्राम सचिवों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रयोग से वित्तीय प्रबंधन होगा पारदर्शीः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

कैथल, गिरीश सैनी। गांव की सरकार को भी डिजिटल भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलाने के लिए ग्राम सचिवों, सरपंचों सहित अन्य सभी जिम्मेदार लोगों को विभिन्न पोर्टलों के संचालन में सिद्धहस्त होना होगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। ये बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने जिला परिषद कैथल में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम सचिवों के लिए विभिन्न पोर्टलों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम समन्वयक डीपीएम ललित एवं एडीपीएम अनु रानी ने डॉ. चौहान का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

डॉ चौहान ने कहा कि ई-गवर्नेंस टूल्स और विभिन्न पोर्टलों का सही उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग, ई-ग्राम स्वराज और अन्य पोर्टलों के माध्यम से ग्राम पंचायतों को वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों की मॉनिटरिंग में काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इन पोर्टलों का अधिक से अधिक उपयोग कर अपने गांवों के विकास में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक टूल्स का उपयोग पंचायत स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और गति को बढ़ाने में सहायक साबित हो सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण को व्यवहारिक जीवन में लागू करने पर विशेष जोर दिया।

डीपीएम ललित ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर सकें। एडीपीएम अनु रानी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को 15वें वित्त आयोग, ई-ग्राम स्वराज, सभागार पोर्टल, एआई टूल्स तथा ग्राम पंचायतों के कार्यों को अपलोड करने एवं अदायगी की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

ग्राम सचिव रिया मदान, गुरमीत सिंह सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान विनोद शर्मा, राजबीर, जसविंदर गिल सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।