स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय प्रणाली की मूलभूत जानकारियों से अवगत कराने तथा सुरक्षित एवं समझदारीपूर्ण तरीके से वित्तीय लेनदेन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय रिज़र्व बैंक के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय द्वारा खंड लाखनमाजरा के गांव चिड़ी में फील्ड-स्तरीय वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि, आरबीआई के अग्रणी जिला अधिकारी कंवल किशन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समूह की महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा बैंकिंग सेवाओं से जोडक़र आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बैंकिंग सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करें और किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्क रहें।
इस दौरान उपस्थित महिलाओं के प्रश्नों का समाधान किया गया। आरबीआई की ओर से प्रतिभागियों को उपयोगी बुकलेट्स एवं जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक महावीर प्रसाद ने बैंकों द्वारा उपलब्ध करवाये जा रहे विभिन्न प्रकार के ऋणों की जानकारी दी। समूह की महिलाओं के लिए आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

Girish Saini 

