आर्थिक तंगी अब महिलाओं व लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा ग्रहण करने में नहीं है बाधाः एडीसी नरेंद्र कुमार

हरियाणा महिला विकास निगम शिक्षा ऋण पर दे रहा है पांच प्रतिशत अनुदान।

आर्थिक तंगी अब महिलाओं व लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा ग्रहण करने में नहीं है बाधाः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा है कि देश-विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लड़कियों व महिलाओं के सपनों को साकार करने में अब कमजोर आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बनेगी। इसके लिए सरकार द्वारा शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज पर अनुदान दिया जा रहा है। गत वित्त वर्ष 2024-25 में जिला में ऐसी लड़कियों / महिलाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए 37 लाख 76 हजार 710 रुपए की अनुदान राशि प्रदान की गई है। इनमें से 13 लड़कियां विदेशों में शिक्षा ग्रहण कर रही है।

एडीसी नरेंद्र कुमार ने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा छात्राओं पर शिक्षा ऋण के भार को कम करने के लिए पांच प्रतिशत ब्याज राशि बतौर सब्सिडी दी जा रही है। वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान हरियाणा महिला एवं विकास निगम द्वारा लाभार्थियों को 23 लाख 90 हजार 122 रुपए की अनुदान राशि प्रदान की गई है। इन लाभार्थियों में से 7 लड़कियां विदेशों में शिक्षा ग्रहण कर रही है।

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि उपरोक्त योजना के तहत हरियाणा मूल की छात्राएं एवं हरियाणा सरकार में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों की बेटियां और पत्नी पात्र होंगी, जो देश-विदेश में कहीं पर भी शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। ऋण बैंक की उच्च शिक्षा स्कीम के अनुसार ही दिया जाएगा। इसमें प्रत्येक हरियाणा निवासी महिला व लडकी ऋण की पात्र है। ब्याज की पांच प्रतिशत राशि महिला विकास निगम द्वारा चुकाई जाएगी।