मैदानी अध्ययन से मिलता है ग्रामीण विकास का वास्तविक अनुभवः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान
कुरुक्षेत्र, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में जारी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों एवं कार्यकारी अभियंता, उपमंडल अभियंता के लिए आयोजित छह दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन प्रतिभागियों ने कुरुक्षेत्र जिले की ग्राम पंचायत अटवान का अध्ययन भ्रमण किया, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत स्तर पर हुए विकास कार्यों, मौजूद आधारभूत सुविधाओं तथा सुशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराना था।
अटवान के ग्राम सचिवालय में ग्राम वासियों व प्रशिक्षु को संबोधित करते हुए हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास को केवल कक्षाओं में पढ़कर नहीं समझा जा सकता, बल्कि मैदानी अध्ययन से वास्तविक अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण अधिकारियों को सफल कार्य प्रणालियों को समझने और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में किए जा रहे नवाचारों एवं जनसहभागिता आधारित विकास कार्यों से सीख लेकर ग्रामीण विकास को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों ने ग्राम पंचायत अटवान में विकसित तालाब, शिवधाम तथा ग्राम सचिवालय का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने इन विकास कार्यों की कार्यप्रणाली, रखरखाव तथा जनसहभागिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम समन्वयक संदीप कुमार ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य प्रतिभागियों को ग्रामीण विकास एवं पंचायत प्रशासन के सफल मॉडलों से व्यवहारिक रूप से परिचित कराना है। अटवान के सरपंच विक्रम अटवान ने निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान एवं सभी प्रतिभागियों का पटका एवं मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान डॉ. चौहान ने ग्राम पंचायत द्वारा तैयार किए गए अमरूद के बाग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
सरपंच विक्रम अटवान ने अध्ययन भ्रमण जैसे कार्यक्रम को विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम बताया। सुनीता कुमावत (खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, सीकर, राजस्थान) ने ग्राम पंचायत अटवान के शिवधाम, तालाब एवं अन्य विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की सुव्यवस्थित व्यवस्था अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
इस दौरान हरियाणा एवं राजस्थान से आए प्रशिक्षणार्थी अधिकारी - सुशीला (बीडीपीओ अलवर), अभिषेक (कार्यकारी अभियंता, जिला परिषद कैथल), सुरेश चंद (बीडीपीओ करौली), ईश्वरेंद्र (उपमंडल अभियंता बेरी), सुनीता कुमावत (बीडीपीओ सीकर) सहित ग्राम सचिव रविंद्र यादव, कार्यकारी अभियंता अंकित वर्मा, कनिष्ठ अभियंता अमनदीप, सरपंच विक्रम अटवान, एवं अन्य गणमान्य नागरिक व ग्रामीण मौजूद रहे।
Girish Saini 

