निर्धारित व्यवस्था के तहत होगा खाद का वितरण
रोहतक, गिरीश सैनी। कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक के आदेशानुसार स्थानीय नई अनाज मंडी में गुण नियंत्रण अधिकारी डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में खाद विक्रेताओं की एक बैठक का आयोजन किया गया। डॉ. दिनेश शर्मा ने जिला के खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे किसानों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार केवल गुणवत्तापूर्ण खाद एवं कीटनाशकों का ही वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी किसान को खाद के साथ अनावश्यक दवाइयाँ अथवा अन्य कृषि उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार एवं कृषि विभाग के निर्देशानुसार जिला में खाद का वितरण निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर एवं सुगमता से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी विक्रेताओं को खाद वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः: पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
Girish Saini 


