छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के प्रति जागरूक किया

विशेष कानूनी साक्षरता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित।

छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के प्रति जागरूक किया

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार तेवतिया तथा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम विशाल सिंह के मार्गदर्शन में स्थानीय राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पोक्सो अधिनियम के संबंध में एक विशेष कानूनी जागरूकता एवं साक्षरता कार्यक्रम तथा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन को बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।

इस दौरान छात्राओं एवं आशा वर्करों ने जागरूकता रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल सुरक्षा एवं महिला सम्मान का संदेश दिया। उपस्थित छात्राओं एवं प्रतिभागियों को पोक्सो अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में कानूनी सहायता प्राप्त करने के उपायों से अवगत कराया गया। छात्राओं को निर्भीक होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी अनुचित घटना की जानकारी तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान प्राधिकरण द्वारा नि:शुल्क विधिक सहायता, हेल्पलाइन सेवाओं तथा महिला एवं बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। प्राचार्या डॉ. सुनीता अहलावत एवं लीगल लिटरेसी प्रोग्राम की इंचार्ज कीर्ति ने आयोजन के लिए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।