नीट पेपर लीक पर छात्राओं के सवाल, डॉ. अर्चना गुप्ता बोली—कड़े हुए कानूनी प्रावधान
रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। बीपीएसएमवी, खानपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में छात्राओं ने नीट, नई शिक्षा नीति, डिजिटल क्रांति, महिला आरक्षण, मानसिक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा जैसे मुद्दों पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से बेबाक सवाल किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. सुदेश ने की।
नीट और पेपर लीक पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों और पेपर लीक के खिलाफ कानूनी प्रावधान कड़े किए गए हैं। नई शिक्षा नीति पर उन्होंने डिग्री के साथ कौशल, आत्मविश्वास और रोजगारपरक शिक्षा को जरूरी बताया।
यूपीआई शुल्क से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी न होने पर अधूरी सूचना देकर छात्राओं को भ्रमित नहीं करना चाहतीं। परिसीमन पर उन्होंने समानता का ध्यान रखे जाने की बात कही, जबकि महिला आरक्षण को राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का माध्यम बताया।
मानसिक स्वास्थ्य पर उन्होंने छात्राओं से परेशानियां साझा करने और एक-दूसरे का सहारा बनने का आह्वान किया। विवाहित महिलाओं के साथ यौन हिंसा के सवाल पर उन्होंने महिलाओं के सम्मान, समानता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर दिया।
कुलपति प्रो. सुदेश ने छात्राओं से शिक्षा, कौशल और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान विवि शिक्षक, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, व काफी संख्या में छात्राएं मौजूद रही।

Girish Saini 

