किसान नेता राजू मान किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त

किसान नेता राजू मान किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त

चरखी दादरी, गिरीश सैनी (ऋषि की आवाज ब्यूरो)। किसान आंदोलन के साथ निरंतर जनहित के मुद्दों पर अहम भूमिका निभाने वाले किसान नेता राजू मान को अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के संगठन सचिव के. सी. वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राजू मान को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। इससे पहले मान किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक रहे हैं। उन्होंने तेरह महीने तक किसान आंदोलन में कितलाना टोल पर मीडिया प्रभारी का काम बखूबी सम्भाला था। मान राहुल गांधी की अगुवाई में चली भारत जोड़ो यात्रा के प्रथम चरण में शामिल रहे थे।
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजू मान ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे, संगठन सचिव के. सी. वेणुगोपाल और अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के चेयरमैन सरदार सुखपाल सिंह खैहरा ने उन पर जो विश्वास जताया है वो उस पर खरा उतरते हुए किसान और मजदूरों के हकों की लड़ाई जारी रखेंगें। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता किसान कांग्रेस को मजबूत करना रहेगी ताकि एकजुटता के साथ देश के कमेरे वर्ग की आवाज बुलंद की जा सके। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में सरकार बनने पर किसानों के लिए एमएसपी देने की गारंटी दी है जिससे किसान और मजदूरों का झुकाव तेजी से कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है।