डिजिटल दौर में तथ्य जांच और नैतिकता पत्रकारिता की रीढ़: अंकित राज

डिजिटल दौर में तथ्य जांच और नैतिकता पत्रकारिता की रीढ़: अंकित राज

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में महाराजा अग्रसेन मेडिकल एजुकेशन एंड साइंटिफिक रिसर्च सोसायटी, अग्रोहा के जनसंपर्क अधिकारी अंकित राज ने विद्यार्थियों से संवाद कर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और मीडिया की नई चुनौतियों पर चर्चा की।

इस दौरान विद्यार्थियों ने डिजिटल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन, फैक्ट-चेकिंग, रिसर्च और मीडिया नैतिकता जैसे विषयों पर सवाल पूछे। अंकित राज ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने युवाओं के लिए कंटेंट निर्माण और संचार के क्षेत्र में नए अवसर खोले हैं, लेकिन सूचनाओं की तेज प्रसार गति के बीच तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता भी बढ़ी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और तथ्यों की पुष्टि करने की सलाह दी। साथ ही, अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए मीडिया क्षेत्र में शोध, सतर्कता और नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया।

विभागाध्यक्ष डॉ. आज्ञा राम पाण्डेय ने कहा कि मीडिया पेशेवरों के साथ ऐसे संवाद विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ क्षेत्र की व्यावहारिक चुनौतियों को समझने में मदद करते हैं। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों ने पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन तथा मीडिया के बदलते स्वरूप से जुड़े विषयों पर संवाद में सक्रिय भागीदारी की।