आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करें, निडर होकर बढ़ें आगेः कुलसचिव प्रो. बंसल

एमडीयू गणित विभाग में छह दिवसीय रोजगारपरक कौशल कार्यशाला संपन्न।

आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करें, निडर होकर बढ़ें आगेः कुलसचिव प्रो. बंसल

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विद्यार्थियों से जीवन की चुनौतियों का निडरता और आत्मविश्वास के साथ सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है, लेकिन इसे कभी अहंकार में परिवर्तित नहीं होने देना चाहिए।

प्रो. बंसल गणित विभाग में सीसीपीस के सहयोग तथा महिंद्रा प्राइड (नंदी फाउंडेशन) क्लासरूम के प्रायोजन में आयोजित छह दिवसीय एम्प्लॉयबिलिटी एनहांसमेंट स्किल्स कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए।

गणित विभागाध्यक्ष प्रो. सुमित गिल ने कहा कि प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और अनुसंधान क्षमता सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को निरंतर निखारने का आह्वान किया। वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि सीखने की निरंतर प्रवृत्ति और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।

सीसीपीसी निदेशिका प्रो. दिव्या मल्हान ने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ संचार और अन्य सॉफ्ट स्किल्स भी जरूरी हैं। छह दिवसीय कार्यशाला में विद्यार्थियों को संचार कौशल, टीमवर्क, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

विशेषज्ञ राजीव कुमार और विनीत कुमार ने विभिन्न गतिविधियों एवं अभ्यासों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया। समन्वयक डॉ. मीनाक्षी हुड्डा ने कार्यशाला की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उत्कृष्ट प्रतिभागियों अंजलि, अनुष्का, आशु, कीर्ति, भारती और प्रिंस को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। डॉ. अंजू पंवार ने आभार जताया, जबकि डॉ. मोनिका ने मंच संचालन किया।