नेत्रदान महादानः दो नेत्रहीनों की जिंदगी रोशन कर सकता है एक नेत्रदान
रोहतक, गिरीश सैनी। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत रविवार को स्थानीय डीएलएफ कॉलोनी स्थित बाबा बंदा बहादुर चैरिटेबल डिस्पेंसरी में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के नेत्र अधिकारी प्रमोद कुमार ने उपस्थित लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद किया गया एक व्यक्ति का नेत्रदान दो नेत्रहीन लोगों का जीवन रोशन कर सकता है।
उन्होंने कॉर्निया अंधता के कारणों और नेत्रदान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता के अभाव में कई जरूरतमंदों को समय पर कॉर्निया नहीं मिल पाता। नेत्रदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
इस दौरान मदन लाल मेहता, डॉ. समिधा, डॉ. किरण, डॉ. खुशबू, ओमप्रकाश, सरोज, पंकज, सुषमा, इंद्रा रानी, वीणा, राजपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Girish Saini 

