ब्रेस्ट पैथोलॉजी पर मंथन के लिए देश-विदेश के विशेषज्ञ आज से जुटेंगे रोहतक में

अमेरिका के दो विशेषज्ञों सहित  325 से अधिक डेलीगेट इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में होंगे शामिल

ब्रेस्ट पैथोलॉजी पर मंथन के लिए देश-विदेश के विशेषज्ञ आज से जुटेंगे रोहतक में

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के पैथोलॉजी विभाग द्वारा 3 और 4 अक्टूबर को ब्रेस्ट पैथोलॉजी इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस एवं वर्कशॉप-2026 आयोजित की जाएगी। सुश्रुत ऑडिटोरियम में होने वाली कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल करेंगे। इसमें देशभर से 325 से अधिक डेलीगेट हिस्सा लेंगे।

आयोजन अध्यक्ष एवं पैथोलॉजी विभागाध्यक्षा डॉ. सुनीता सिंह ने बताया कि अमेरिका से ब्राउन यूनिवर्सिटी के वॉरेन अल्पर्ट मेडिकल स्कूल के प्रोफेसर डॉ. कमलजीत सिंह और ओएसएफ सेंट फ्रांसिस मेडिकल सेंटर, यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस की डॉ. विदु कौशिक अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी के तौर पर शामिल होंगे।

आयोजन सचिव डॉ. संजय कुमार ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में ब्रेस्ट पैथोलॉजी के नए बदलावों, हिस्टोपैथोलॉजी, साइटोलॉजी, स्पेसिमेन ग्रॉसिंग, सैंपलिंग, इम्युनोहिस्टोकैमिस्ट्री, बायोमार्कर और मॉलिक्युलर पैथोलॉजी पर चर्चा होगी। कठिन व दुर्लभ ब्रेस्ट लेशन की स्लाइड-बेस्ड लर्निंग पर विशेष जोर रहेगा।

कार्यक्रम में 32 ओरल और 74 पोस्टर प्रेजेंटेशन, विशेषज्ञ व्याख्यान, इंटरैक्टिव सत्र और मल्टीडिसीप्लिनरी पैनल डिस्कशन होंगे। वर्कशॉप में ब्रेस्ट स्पेसिमेन की ग्रॉसिंग व सही सैंपलिंग का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा। डॉ. संजय ने कहा कि कॉन्फ्रेंस से डायग्नोस्टिक मानकीकरण, रिसर्च सहयोग और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।