हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोहतक में चार स्थानों पर लगाई प्रदर्शनी
एसडीएम आशीष कुमार एवं नगराधीश शुभम ने किया अवलोकन।
रोहतक, गिरीश सैनी। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोहतक में चार स्थानों पर प्रदर्शनी लगाई गई है। इसी कड़ी में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र में लगाई गई प्रदर्शनी का उपमंडलाधीश आशीष कुमार एवं नगराधीश शुभम ने अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी 17 अगस्त तक आमजन के अवलोकनार्थ प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी।
उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा अब केवल सरकारी भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर घर, परिवार और नागरिक के जीवन एवं भावनाओं से जुड़ चुका है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों एवं जानकारियों के साथ-साथ उन भावनाओं को भी समझने का प्रयास करें, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को जन आंदोलन बनाया।
प्रदर्शनी स्थल पर एसडीएम आशीष कुमार एवं नगराधीश शुभम ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली। उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित नियम एवं प्रावधान फ्लैग कोड के अंतर्गत आते हैं। राष्ट्रीय ध्वज को सूती, पॉलिएस्टर, ऊनी, रेशमी अथवा खादी के कपड़े से बनाया जा सकता है।
प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें राष्ट्रीय ध्वज के विकास से जुड़े ऐतिहासिक तथ्य तथा अशोक चक्र में मौजूद 24 तीलियों की जानकारी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि फ्लैग कोड के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज पर किसी भी प्रकार का अक्षर, शब्द, वाक्य अथवा स्लोगन नहीं लिखा जा सकता।
उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने तथा अपने घरों पर तिरंगा सम्मान पूर्वक फहराने का आह्वान किया।
Girish Saini 

