1857 के संग्राम से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों की प्रदर्शनी

हरियाणा के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से रूबरू हुए विद्यार्थी

1857 के संग्राम से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों की प्रदर्शनी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों को देखने का अवसर सुनारिया गांव के विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मिला। हरियाणा अभिलेखागार विभाग के रोहतक मंडल की क्षेत्रीय शाखा की ओर से गांव के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो दिवसीय ऐतिहासिक प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है, जिसका उद्घाटन स्कूल इंचार्ज सुमन ने किया।

सहायक निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को हरियाणा के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान से परिचित कराना है। इसमें वर्ष 1808 का हरियाणा का मानचित्र और 1857 के विद्रोह में रोहतक की भूमिका से जुड़े दस्तावेज प्रमुख आकर्षण हैं।

प्रदर्शनी में महारानी विक्टोरिया की 1857 की घोषणा, शहीदों और तबाह किए गए गांवों की सूचियां, भूमि अधिग्रहण के अभिलेख तथा महात्मा गांधी की पलवल में गिरफ्तारी से संबंधित सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। राजा नाहर सिंह, पंडित नेकीराम शर्मा, बालमुकुंद गुप्त और आजाद हिंद फौज से जुड़े दस्तावेज भी रखे गए हैं। विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने ऐतिहासिक अभिलेखों में विशेष रुचि दिखाई।