पर्यावरण बचाने के लिए हर व्यक्ति निभाएं अपनी जिम्मेदारीः कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल
एमडीयू में विश्व पर्यावरण दिवस पर गोष्ठी आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। पर्यावरण संरक्षण सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। ये विचार एमडीयू के कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित विचार गोष्ठी में व्यक्त किए।
स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में भूगोल विभाग एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, हरियाणा प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में -पर्यावरण संरक्षणः भारतीय परंपरा से आधुनिक समाधान तक विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
बतौर मुख्य वक्ता, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति संरक्षण की परंपरा सदियों पुरानी है। हमारे पूर्वजों ने नदियों, तालाबों और वृक्षों को पूजा से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता और अक्षय ऊर्जा के अधिक उपयोग पर बल दिया।
इस दौरान एक विद्यार्थी–एक वृक्ष अभियान, प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
Girish Saini 

