पटवारियों की हर समस्या का होगा समाधान, डिजिटल क्रॉप सर्वे में लापरवाही नहीं चलेगी: डीसी सतबीर सिंह

पटवारियों की हर समस्या का होगा समाधान, डिजिटल क्रॉप सर्वे में लापरवाही नहीं चलेगी: डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में जुटे पटवारियों की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। सर्वे कार्य में किसी भी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक परेशानी आने पर जिला प्रशासन तत्काल मदद उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे की गुणवत्ता और आंकड़ों की शुद्धता से किसी स्तर पर समझौता न हो।

उपायुक्त ने शुक्रवार को रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार के साथ बालंद, शिमली, डोभ, भाली और मायना सहित करीब आधा दर्जन गांवों का दौरा कर डिजिटल क्रॉप सर्वे का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर सर्वे की जमीनी स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से प्रगति की जानकारी ली।

इस दौरान उपायुक्त ने पटवारियों से सर्वे के दौरान सामने आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक दिक्कतों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही समस्याओं का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से फसलों से जुड़े आंकड़े अधिक सटीक, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से दर्ज किए जाएंगे।

डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि सर्वे में दर्ज आंकड़े कृषि क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। इसलिए प्रत्येक खेत और उसमें बोई गई फसल का सही विवरण दर्ज करना जरूरी है। उन्होंने पटवारियों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ सर्वे पूरा करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा सर्वे से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सर्वे में लगे कर्मचारियों को हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।