विकास व आधुनिकता की दौड़ में प्रकृति के साथ स्थापित करें सामंजस्यः सीएम नायब सिंह  सैनी

विकास व आधुनिकता की दौड़ में प्रकृति के साथ स्थापित करें सामंजस्यः सीएम नायब सिंह  सैनी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आधुनिकता व विकास की दौड़ में हमें प्रकृति का शोषण नहीं, बल्कि उसके साथ सामंजस्य स्थापित करना है। प्रदेश में 2014 से अब तक लगभग 18 करोड़ पौधे लगाए जा चुके है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान के प्रथम चरण में प्रदेश में एक करोड़ 80 लाख पौधे लगाए गए है। अभियान के दूसरे चरण में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक के गांव बालंद में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में पौधारोपण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने यूनिवर्सल प्रिसीजन स्क्रूज - एलपीएस बोसार्ड प्राइवेट लिमिटेड के नए प्लांट का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज प्रदेश में पौधारोपण अभियान की एक लहर चल रही है।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान का शुभारंभ अरावली पर्वत से किया गया है। सरकार द्वारा मोरनी, क्लेसर, स्योसर और गुरुग्राम के जंगल सफारी में वन महोत्सव के माध्यम से पौधारोपण किया गया है। इसी कड़ी में बालंद में 5100 पौधे लगाए गए हैं। सरकार द्वारा 75 वर्ष से अधिक आयु के वृक्षों के सम्मान में प्राण वायु देवता पेंशन स्कीम शुरू की गई है, जिसके तहत तीन हजार रुपए प्रति वर्ष प्रति वृक्ष रखरखाव के लिए दिए जा रहे है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आह्वान किया कि पेड़ लगाना सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है। सभी नागरिक इस अभियान के साथ जुडकर इसे जन आन्दोलन का रूप दें तथा बच्चों को बचपन से ही प्रकृति के साथ जोड़ें ताकि वे पेड़-पौधो की देखभाल के प्रति संवेदनशील हो सके।

 

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का आह्वान किया था। देश के विभाजन के समय लाखों परिवार विस्थापित हुए, अपनों से बिछड़े तथा बेटियों पर अत्याचार हुए। कुछ लोगों ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए भारत का विभाजन करवाया। कांग्रेस पार्टी ने देश पर 55 वर्ष तक शासन किया। अब यह पार्टी कभी ईवीएम खराब, कभी वोट चोरी व कभी संविधान को खतरा बताकर देश की जनता को गुमराह कर रही है।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपना इलाज करवाने की आवश्यकता है। राहुल गांधी के बयानों से देश व समाज को नुकसान हो रहा है। उन्होंने देश की संवैधानिक संस्थाओं व लोकतंत्र का अपमान किया है। देश की बहादुर सेनाओं के शौर्य पर भी उन्होंने सवाल उठाए है। भारतीय सेनाओं ने विभिन्न ऑपरेशनों के दौरान सरहद पार आतंकवाद को मिट्टी में मिलाया है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह झूठ का षड्यंत्र ज्यादा दिन नहीं चलेगा। कांग्रेस पार्टी के नेता स्वयं ही वोट चोरी करवाते है तथा वर्तमान में इस पार्टी का नेतृत्व चिंताजनक है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि सरकार ने हरियाणा को हरा भरा बनाने के लिए करोड़ों पौधे लगाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि रोहतक का हरियाणा के विकास में विशेष योगदान है। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल पूर्व विधायक सरिता नारायण, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट सहित पार्टी के पदाधिकारी व पुलिस महानिरीक्षक वाई पूर्ण कुमार, उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, मुख्यमंत्री सुरक्षा के पुलिस अधीक्षक रविंद्र तोमर, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।