बीएमयू में उद्यमिता प्रशिक्षण शुरू, 60 विद्यार्थी सीखेंगे कारोबार के गुर
एमएसएमई के सहयोग से छह सप्ताह का कौशल विकास कार्यक्रम शुरू, 150 विद्यार्थियों ने लिया भाग
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एवं एमएसएमई के संयुक्त तत्वावधान में छह सप्ताह के उद्यमिता कौशल विकास कार्यक्रम (ईएसडीपी) का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम स्थापना के लिए व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना है।
शुभारंभ अवसर पर एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, रोहतक के डिप्टी जनरल मैनेजर अश्वनी कांत, सीनियर मैनेजर एनके जैन और टेक्निकल एक्सपर्ट नीरज कुमार ने विद्यार्थियों को उद्यमिता की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवा नौकरी तलाशने के बजाय अपना व्यवसाय स्थापित कर रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि 60 विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया है। इंजीनियरिंग संकाय के अधिष्ठाता डॉ. मुकेश सिंगला ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा और प्रशिक्षण के लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. रमेश चंद्र एवं कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार के दिशा-निर्देशानुसार किया जा रहा है।

Girish Saini

