वीटीआई में उद्यमिता पखवाड़ा, विशेषज्ञ ने नए विचारों को कारोबार में बदलने पर दिया जोर
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व एंटरप्रेन्योरशिप डे के उपलक्ष्य में वैश्य तकनीकी संस्थान द्वारा आयोजित उद्यमिता पखवाड़े का समापन बाबा मस्तनाथ विवि की डिप्टी डीन एवं कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. जसप्रीत दहिया के व्याख्यान के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को सतत सामुदायिक विकास, नए विचारों को बड़े स्तर पर लागू करने और नैतिक व्यावसायिक प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी है। पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक नेतृत्व, नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा।
संस्थान के सभी विभागों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें अपने व्यावसायिक विचारों पर मंथन करने, उन्हें परिष्कृत करने और प्रस्तुत करने का अवसर मिला। समापन पर विद्यार्थियों ने नैतिक व्यवसाय करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने की शपथ ली।
प्राचार्य डॉ. संजीव गुप्ता और डॉ. पवन गर्ग ने विशेषज्ञ वक्ता को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान अमित शर्मा, तनुश्री, पारुल गुप्ता, मंजू जैन सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

