उद्यमिता से युवा बनें रोजगारदाता, नौकरी तलाशने वाले नहीं: उपायुक्त सतबीर सिंह
उद्यमिता जागरूकता कैंप में करीब 60 युवाओं ने लिया भाग।
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व उद्यमिता दिवस के उपलक्ष्य में मंडल रोजगार कार्यालय द्वारा 5 सितंबर तक मनाए जा रहे उद्यमिता जागरूकता पखवाड़े के तहत लघु सचिवालय में जागरूकता कैंप आयोजित किया गया, जिसमें करीब 60 युवाओं ने भाग लिया।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित न रहकर अपनी रुचि, कौशल और प्रतिभा के अनुरूप स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर तलाशने चाहिए। उद्यमिता युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ नए रोजगार पैदा करने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा प्रतिभा, ऊर्जा और कौशल से भरपूर हैं। उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के जरिए वे सफल उद्यम खड़े कर सकते हैं। उपायुक्त ने युवाओं से नए विचारों के साथ आगे आने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और नौकरी मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया।
सहायक रोजगार अधिकारी रिचा आर्या एवं विभिन्न नियोक्ताओं ने युवाओं को उद्यमिता के महत्व, संभावित जोखिमों और स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने वीटा, अमूल और लिज्जत पापड़ जैसे सफल उद्यमों का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे स्तर से शुरू हुआ व्यवसाय भी मेहनत, नवाचार और बेहतर प्रबंधन से बड़ा उद्यम बन सकता है। कैंप में जेप्टो के संस्थापक आदित्य पालिचा और कैवल्य वोहरा की सफलता की कहानी भी साझा की गई। युवाओं को प्रौद्योगिकी, कृषि, पर्यटन, कंटेंट क्रिएशन और जैविक उत्पादों जैसे क्षेत्रों में नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया गया।
युवाओं को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध ऋण, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार अवसरों की जानकारी दी गई। नवाचार एवं विचार-मंथन आधारित प्रतियोगिताओं के बारे में भी बताया गया, जिनका उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है।

Girish Saini 


