सुपवा में उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला, छात्रों से साझे किए उद्यमिता व स्वरोजगार के टिप्स
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के डिजाइन विभाग के इन्क्यूबेशन सेंटर द्वारा एक उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान छात्रों के साथ उद्यमिता एवं स्वरोजगार के टिप्स साझा किए गए और उनके लिए आइडिया हंट भी आयोजित किया गया।
कार्यशाला के दौरान एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, रोहतक से आर.के. सिंह, प्रदेश सरकार के एमएसएमई विभाग से इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन ऑफिसर राहुल, एवं डब्ल्यूसीए शिवा गोयल ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि छात्र सूक्ष्म एवं लघु उद्योग स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। विशेषज्ञ वक्ताओं ने उद्यमिता के अवसरों, सरकारी योजनाओं, स्टार्ट अप रणनीतियों व वित्तीय सहायता लेने बारे जानकारी भी साझा की।
डिजाइन विभाग की एफसी डॉ. शैली खन्ना ने इनोवेशन, आत्मनिर्भरता व स्किल डेवलेपमेंट पर जोर देते हुए कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को उद्यमिता व स्टार्टअप के अवसरों के बारे में जागरूक करना था। आइडिया हंट में छात्रों ने अपने व्यावसायिक विचार सामने रखे। प्रारंभ में डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक ने स्वागत संबोधन किया। इस दौरान संकाय सदस्य व विद्यार्थियों सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

