एमएसएमई केंद्र द्वारा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एमएसएमई केंद्र द्वारा वॉलमार्ट वृद्धि के सहयोग से स्थानीय आईएमटी स्थित एमएसएमई तकनीकी केंद्र में राज्य सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं एवं ई-कॉमर्स अवसरों के संबंध में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सहायक निदेशक अशोक कुमार ने हरियाणा सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को वित्तीय सहायता, अनुदान एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जिससे वे अपने उद्योग का विस्तार कर सकते हैं। इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन अधिकारी राहुल ने उपस्थित उद्यमियों से कहा कि वर्तमान में अधिकांश एमएसएमई इकाइयां अपने उत्पाद केवल स्थानीय बाजारों तक ही सीमित रखती हैं, जिससे उनके व्यवसाय की संभावनाएं सीमित रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का उपयोग कर उद्यमी अपने उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा सकते हैं।
मोहम्मद रफीक ने वॉलमार्ट वृद्धि कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये कार्यक्रम एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक बाजार से जोड़ने, उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने, ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर विस्तार के अवसर उपलब्ध करवाता है। नरेश जैन ने उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम तथा एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में संचालित विभिन्न तकनीकी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी।

Girish Saini 

