आवागमन-2026 में गूंजा उत्साह, नए विद्यार्थियों का स्वागत और सीनियर्स को विदाई

आवागमन-2026 में गूंजा उत्साह, नए विद्यार्थियों का स्वागत और सीनियर्स को विदाई

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय वैश्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के विवेकानंद कल्चर क्लब द्वारा शुक्रवार को महाराजा अग्रसेन ऑडिटोरियम में आवागमन-2026 फ्रेशर्स कम फेयरवेल समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, जबकि अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई।

इस दौरान विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। प्रस्तुतियों पर ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह ने विद्यार्थियों को प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच भी दिया।

प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार गोयल ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज में प्रवेश जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कौशल विकास, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने का आह्वान किया।

अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज से प्राप्त ज्ञान, अनुभव और संस्कार उनके भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान का नाम रोशन करने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।