समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें: डीसी सतबीर सिंह

समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें: डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध और उचित निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे त्वरित समाधान करना है।

उपायुक्त ने कहा कि शिकायत के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से संवाद कर उसे विभागीय कार्रवाई से संतुष्ट किया जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। जिला प्रशासन द्वारा शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निपटारे की लगातार समीक्षा की जा रही है।

उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर एसडीएम आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, डीएसपी दलीप सिंह और डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीएम आशीष कुमार ने अधिकारियों को समय पर कार्यालयों में उपस्थित रहने तथा समाधान शिविरों में भी अनिवार्य रूप से मौजूद रहने की हिदायत दी। उन्होंने लंबित और दोबारा खोली गई शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।