मतदाता सूची से न पात्र का नाम कटे, न अपात्र का रहे; 30 अगस्त तक दावे-आपत्तियां कराएं दर्जः मंडलायुक्त मोनिका मलिक
रोहतक, गिरीश सैनी। मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से न कटे और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में दर्ज न रहे।
एसआईआर अभियान की समीक्षा करते हुए मोनिका मलिक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग इस अभियान को पारदर्शी तरीके से पूरा करने को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा पहले चरण में घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का मिलान किया गया है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारूप मतदाता सूची जारी हो चुकी है और इसमें नाम जोड़ने, हटाने अथवा विवरण में संशोधन के लिए 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।
मंडलायुक्त ने सभी मतदाताओं से प्रारूप सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। नाम छूटने, पता, आयु या अन्य विवरण में गलती होने पर निर्धारित अवधि में सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन या संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ अथवा निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में ऑफलाइन जमा कराया जा सकता है। सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी और अपलोड किए गए दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से समय रहते सूची की जांच कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस दौरान सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार एवं नमिता कुमारी, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Girish Saini 

