चिकित्सा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना ही एक अच्छे डॉक्टर की पहचानः कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल

विश्व पृथ्वी दिवस पर पीजीआईएमएस के छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

चिकित्सा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना ही एक अच्छे डॉक्टर की पहचानः कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व पृथ्वी दिवस पर पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में जारी तीन दिवसीय कार्यक्रम वीरवार को संपन्न हुआ। स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ विपिन घरसा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दीवार चित्रकला, मैराथन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर छात्रों द्वारा बनाई गई आकर्षक वॉल पेंटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अर्थ डे - 22 अप्रैल थीम पर बनी इस पेंटिंग में एक ओर हरियाली, वन्यजीव और नीला आकाश दर्शाया गया, तो दूसरी ओर प्रदूषण और सूखे पेड़ों से धरती का दर्द उकेरा गया।

कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजक मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना ही एक अच्छे डॉक्टर की पहचान है। मैराथन के विजेताओं को बधाई देते हुए कुलपति डॉ अग्रवाल ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का संदेश दिया है।

कुलसचिव डॉ रूप सिंह ने कहा कि हमारी भावी पीढ़ी यदि आज पर्यावरण को लेकर संवेदनशील होगी, तभी कल सुरक्षित होगा। विद्यार्थियों की यह पहल अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायक है। निदेशक डॉ एस.के. सिंघल ने कहा कि संस्थान सिर्फ बीमारियों का इलाज ही नहीं करता, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण में भी विश्वास रखता है। जलवायु परिवर्तन सीधे तौर पर स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, इसलिए डॉक्टरों का इस मुहिम से जुड़ना आवश्यक है।

डीन छात्र कल्याण, डॉ सविता सिंघल ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में पोस्टर मेकिंग, वॉल पेंटिंग और 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। पेस एंड पल्स थीम पर मैराथन में 200 से अधिक विद्यार्थियों, व फैकल्टी सदस्यों ने भाग लिया। डॉ विपिन घरसा ने बताया कि विद्यार्थियों ने सफाई अभियान चलाया और प्रतिभागियों को डीन डॉ अशोक चौहान ने सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। समापन अवसर पर कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों और आयोजन समिति को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।