कचरा प्रबंधन जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर देंगे जोरः निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा है कि शहर में कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों की भागीदारी को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से निगम कार्यालय में आयोजित एक विशेष बैठक में जिला नगर योजनाकार तिलकराज, गो ग्रीन गिफ्ट स्माईल कल्ब से संध्या गर्ग व अन्य सदस्यों स्वच्छता एवं स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न योजनाओं और पहलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान स्वच्छता को एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने पर फोकस करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की सक्रिय रूप से भागीदारी पर बल दिया गया। शहर में जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र, सामुदायिक गतिविधियों तथा जनभागीदारी आधारित अभियानों के माध्यम से नागरिकों को जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की ओर प्रेरित करने पर भी मंथन हुआ।
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि कचरा प्रबंधन, रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान, रक्तदान के प्रति जागरूकता तथा विभिन्न सामुदायिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने के लिए कल्ब सदस्यों ने नगर निगम के साथ मिलकर पूर्ण सहयोग से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाया जा सकता है।

Girish Saini 

