स्टाटा कार्यशाला में डेटा विश्लेषण और अर्थमितीय विधियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर

स्टाटा कार्यशाला में डेटा विश्लेषण और अर्थमितीय विधियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए शोधकर्ताओं को आधुनिक सांख्यिकीय एवं अर्थमितीय उपकरणों की जानकारी और व्यावहारिक दक्षता हासिल करना जरूरी है। डेटा विश्लेषण की बेहतर समझ शोध की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ शोधार्थियों के अकादमिक विकास में भी सहायक है।

वे बुधवार को अर्थशास्त्र विभाग में स्टाटा का उपयोग करते हुए अर्थमितीय विश्लेषण विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए उन्होंने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शोधार्थियों को आधुनिक शोध पद्धतियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जवाहरलाल नेहरू विवि, नई दिल्ली के प्रो. एलुमलाई कन्नन कार्यशाला में विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने अर्थमिति की मूल अवधारणाओं के साथ स्टाटा के व्यावहारिक उपयोग, डेटा प्रबंधन, सांख्यिकीय विश्लेषण, मॉडल आकलन और परिणामों की व्याख्या की जानकारी दी। इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीप कुमार सहित शिक्षक और शोधार्थी मौजूद रहे।