वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक में दाखिला प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और स्टूडेंट सेंट्रिक बनाने पर जोर

वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक में दाखिला प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और स्टूडेंट सेंट्रिक बनाने पर जोर

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं स्टूडेंट सेंट्रिक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि विवि का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और तकनीक आधारित हो ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन तथा काउंसलिंग प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाया जाए।

बैठक में विभिन्न संकायों एवं विभागों में उपलब्ध सीटों, प्रवेश नियमों, मेरिट प्रक्रिया तथा नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत लागू प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कुलपति ने कहा कि विवि प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से पाठ्यक्रमों को समयानुकूल बनाया जा रहा है।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवेश से संबंधित सभी सूचनाएं समय-समय पर विवि की वेबसाइट और अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए, ताकि उन्हें आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि विवि परिसर में विद्यार्थियों के लिए अनुकूल और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी, डीन एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य भी शामिल हुए, जिन्होंने प्रवेश प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।