सांपला नगर पालिका के लिए चुनाव प्रचार 8 मई को सायं 6 बजे होगा समाप्तः रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार
मतदान 10 मई को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक।
सांपला, गिरीश सैनी। सांपला की उपमंडलाधीश एवं नगर पालिका सामान्य चुनाव की रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार ने बताया कि नगर पालिका आम चुनाव के तहत 10 मई को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान संपन्न होने के 48 घंटे पूर्व अर्थात 8 मई को सायं 6 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जायेगा। इसके बाद चुनाव प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे।
एसडीएम अंकिता पुवार ने बताया कि सांपला स्थित तहसील कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के लिए स्ट्रांग रूम स्थापित किया गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा सहित सभी आवश्यक प्रबंध किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की द्वितीय रेंडमाइजेशन के उपरांत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की कमीशनिंग की गई तथा इस दौरान इन मशीनों की पूर्ण जांच की गई।
रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार ने बताया कि नगर पालिका चुनाव के लिए 16 वार्डों में 16 मतदान केंद्र स्थापित किये गए है, जहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है तथा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गए है। मतदान पार्टियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कार्य प्रणाली का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 13 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी तथा मतगणना संपन्न होने के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे।

Girish Saini 

