एनईपी-2020 पर आठ दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम प्रारंभ

एनईपी-2020 पर आठ दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम प्रारंभ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूजीसी मदन मोहन मालवीय टीचर ट्रेनिंग सेंटर (एमएमटीटीसी) और एमकेजेके कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित आठ दिवसीय ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम शनिवार से शुरू हुआ। 7 से 14 मार्च तक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों से 100 से अधिक शिक्षक भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को एनईपी-2020 के विभिन्न प्रावधानों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन से अवगत कराना है।

पहले सत्र में कुमाऊं विवि के एमएमटीटीसी की निदेशक दिव्या जोशी उपाध्याय ने नई शिक्षा नीति के संदर्भ में समाज और उच्च शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में दिल्ली विवि की प्रो. युक्ति शर्मा ने छात्र विविधता और कक्षा-कक्ष की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बदलते शैक्षिक परिदृश्य में शिक्षकों को विद्यार्थियों की विविध पृष्ठभूमि को समझते हुए नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाना चाहिए।

एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. मुनीष गर्ग तथा डिप्टी डायरेक्टर एवं यूजीसी प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. माधुरी हुड्डा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षकों को नई शिक्षा नीति की अवधारणा को समझने और उसे व्यवहारिक रूप में लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एमकेजेके की प्राचार्या डॉ. रश्मि लोहचब ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षकों के शैक्षणिक कौशल और दृष्टिकोण को समृद्ध करते हैं। इस दौरान उर्मिला राठी, डॉ. दीपिका और डॉ. सीमा सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।