योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन बनेगा ग्रामीण विकास की सफलता का आधारः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
प्रतिभागी सीख रहे जीआईएस आधारित निगरानी के गुर।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हमें बदलाव की मूल धारा को समझना होगा। अब केवल कार्य करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण हमारा लक्ष्य होना चाहिए। प्रत्येक विकास कार्य की तकनीकी निगरानी पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हो चुकी है। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही ग्रामीण विकास की सफलता का आधार बनेगा। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने एचआईआरडी में वीबी-जी राम जी के अंतर्गत युक्तधारा द्वारा ग्राम पंचायतों की जीआईएस आधारित निगरानी विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने डॉ. चौहान का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में सिरसा एवं जींद जिलों के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि वीबी-जी राम जी में पूरे वर्ष की योजनाबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, टीमवर्क तथा तकनीक के प्रभावी उपयोग से ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों का आह्वान किया कि प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए 100 में 100 अंक प्राप्त करने की सोच के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की वैज्ञानिक एवं तकनीकी निगरानी को सुदृढ़ करना, परिसंपत्तियों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिभागियों की क्षमता का विकास करना है।
राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान, हैदराबाद से परवेज जाफ़र ने कहा कि पंचायत के विकास के साथ ही देश विकसित होगा। उन्होंने ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने में तकनीक आधारित योजना निर्माण, जीआईएस आधारित निगरानी तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने बताया कि इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जीआईएस आधारित योजना निर्माण, परिसंपत्ति मानचित्रण, तकनीकी निगरानी तथा युक्तधारा पोर्टल के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान एचआईआरडी से डॉ. सुशील मेहता, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान हैदराबाद से सलाहकार गुरविंदर सिंह, अनु शर्मा, सुनील कुमार, रवीना, रेखा सहित सिरसा एवं जींद जिलों से आए प्रतिभागी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
Girish Saini 


